गया की धरती से उड़ान भरेगा बौद्ध सर्किट

Bihar

(पटना,बिहार)26अक्टूबर,2026

बिहार में विकास और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज अपने लोक सेवक आवास से गया जी और थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बीच इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा की शुरुआत की और इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। यह उड़ान हफ्ते में तीन दिन संचालित होगी और इससे बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों, विशेषकर थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया जैसे बौद्ध धर्मावलंबी देशों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि NDA सरकार की इस पहल से बिहार की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। यह सिर्फ एक हवाई सेवा नहीं है, बल्कि बिहार के पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक विकास को नई उड़ान देने वाली पहल है। बोधगया विश्व धरोहर स्थल है, यहां हर साल लाखों विदेशी पर्यटक आते हैं। सीधी फ्लाइट शुरू होने से पर्यटन उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार को देश और दुनिया से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। पहले दरभंगा, पटना, अब गया जी से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बिहार के बदलते स्वरूप का प्रतीक हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, कैबिनेट मंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सरकार का मानना है कि इस रूट के शुरू होने से गया जी एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी और बिहार की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *