शरद पूर्णिमा पर अग्रोहा धाम में आस्था का सैलाब

Hariyana

(हिसार,हरियाणा )26अक्टूबर2026

शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर हरियाणा के हिसार स्थित अग्रोहा धाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अग्रोहा धाम का राष्ट्रीय वार्षिक मेला आज धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जिसे अग्रवाल समाज का महाकुंभ भी कहा जाता है।

मेले में शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। महाराजा अग्रसेन की नगरी अग्रोहा में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात में ही महाराजा अग्रसेन ने अग्रोहा को बसाया था, इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है।

आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा 700 से अधिक सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है। मेले में धार्मिक अनुष्ठान, भव्य कलश यात्रा, महालक्ष्मी जी का छप्पन भोग, अखंड कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। रात में खुले आसमान के नीचे खीर रखकर मां लक्ष्मी की पूजा की परंपरा भी निभाई जाएगी, कहा जाता है कि आज की रात चंद्रमा की रोशनी से अमृत बरसता है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “शरद पूर्णिमा का ये पावन पर्व आपके जीवन में सकारात्मक और दिव्य ऊर्जा भरे। चंद्रमा की पवित्र रोशनी आपके जीवन में समृद्धि और नए अवसर लाए।”

जानकारी के अनुसार अग्रोहा धाम मेले में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल और प्रसिद्ध उद्योगपति सावित्री जिंदल सहित कई प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और पार्किंग के विशेष इंतजाम किए हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *