(कुरुक्षेत्र,हरियाणा)26अक्टूबर,2026
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की अनाज मंडियों में अचानक हुई तेज बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को हुई बारिश के कारण मंडियों में खुले में पड़ी हजारों क्विंटल धान की फसल भीग गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। कई मंडियों में जलभराव की स्थिति भी बन गई।
मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि इस सीजन में अब तक मंडियों में 16.12 लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। इसमें से अभी भी लगभग 2.5 लाख क्विंटल धान खुले में पड़ा है, जो ट्रांसपोर्ट का इंतजार कर रहा है। बारिश के कारण बिजली के खंभे गिरने से मंडियों में तौल का काम बाधित हुआ, जिसे जनरेटर के सहारे चलाना पड़ा।
वहीं, स्थानीय आढ़तियों और किसान संगठनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द धान का उठान करवाने की मांग की है, ताकि आगे होने वाले नुकसान से बचा जा सके। उधर, सिरसा और फतेहाबाद जिलों से भी ओलावृष्टि की खबरें सामने आ रही हैं।(साभार -स्थानीय सूचना स्रोत)
