(चंडीगढ़ हरियाणा)27 अक्टूबर 2026.
हरियाणा में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गुजरात दौरे पर जाएगा। यह दौरा 27-28 अक्टूबर को सूरत और गांधीनगर में होगा।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो के माध्यम से गुजरात के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों को हरियाणा में उपलब्ध औद्योगिक और व्यावसायिक अवसरों से अवगत कराना है। रोडशो के दौरान प्रतिनिधिमंडल निवेशकों के सामने हरियाणा की नई औद्योगिक नीति, सिंगल विंडो सिस्टम, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर को प्रमुखता से रखेगा।
सरकार का लक्ष्य कपड़ा, केमिकल, डायमंड, रिन्यूएबल एनर्जी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़े बड़े निवेश को हरियाणा में लाना है। सूरत के उद्यमी विशेषकर टेक्सटाइल और डायमंड उद्योग में अग्रणी हैं, जिन्हें हरियाणा के पानीपत और गुरुग्राम जैसे औद्योगिक हब में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
गांधीनगर में प्रतिनिधिमंडल गुजरात सरकार के अधिकारियों से भी मुलाकात करेगा और दो राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा होगी। इस दौरे से हरियाणा में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
