(वाराणसी,UP)25अक्टूबर,2026
काशी के आसमान में राफेल,सुखोई और तेजस की गर्जना गूंजी तो गंगा के दोनों किनारों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। नमो घाट पर आयोजित एयर शो के दूसरे दिन करीब 12 लाख दर्शक जुटे।
5 KM तक दर्शक ही दर्शक
गंगा के उस पार डोमरी से बहादुरपुर और कटेसर तक 5 किलोमीटर के दायरे में 5 लाख से ज्यादा लोग थे, जबकि काशी की तरफ घाटों पर 7 लाख लोग मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार यह भीड़ पहले दिन 22 अक्टूबर से तीन गुना ज्यादा थी।
चंदौली, आजमगढ़, मऊ, सोनभद्र और बिहार के कैमूर-रोहतास से लोग 60 से 110 KM दूर से किराये की गाड़ी लेकर पहुंचे थे। राजघाट पुल पर यातायात बंद होने से कई लोगों को परेशानी भी हुई।
तीन पीढ़ियों ने एक साथ देखा शो
एयर शो सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं रहा। डोमरी में एक परिवार की तीन पीढ़ियां एक साथ पहुंचीं। 80 वर्षीय अजीमुल्लाह बोले – “मोदी नहीं होते तो हमार ई इच्छा पूरी नहीं होती।” वह एक दिन पहले ही रिश्तेदार के यहां आकर रुके थे।
मणिकर्णिका घाट पर बंद हुआ शवदाह
सबसे भावुक दृश्य मणिकर्णिका घाट पर दिखा। एक तरफ चिताएं जल रही थीं, दूसरी तरफ आसमान में वायुसेना का पराक्रम। अपनों को विदा करने आए लोगों की नजरें भी कुछ देर आसमान पर ठहर गईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मुख्य अतिथि होंगे, इसलिए शनिवार से ही मणिकर्णिका की छत पर शवदाह बंद कर दिया गया है। सभी घाटों पर पुलिस तैनात है और आधार कार्ड देखकर ही स्थानीय लोगों को वाहन ले जाने दिया जा रहा है।
सिंधिया घाट पर सीढ़ियों से ऊपर तक इतनी भीड़ थी कि कोई इस पार से उस पार नहीं जा सका। सतुआ बाबा ने भीड़ देख नमो घाट जाने के बजाय अपने आश्रम की बालकनी से ही एयर शो देखा।
BGM पर बढ़ा रोमांच
सारंग टीम के करतबों के दौरान इंटरस्टेलर फिल्म का BGM और एलन वॉकर का ‘हेडलाइट’ गाना बजा तो दर्शकों ने तालियां बजाईं। ‘मेरी हीर आसमानी’ और दलेर मेहंदी के ‘दंगल’ पर युवा झूम उठे। हेलीकॉप्टरों ने हवा में हार्ट बनाकर प्यार का संदेश दिया।
बनारसी बोली में चर्चा
घाट पर लोगों की बातें भी बनारसी अंदाज में थीं। एक बोला – “बहुत नीचे से जात ह राफेल, सुत्तल अदमी डेरा के उठ जाई।” दूसरा बोला – “हर केहू बॉर्डर पर त ना जा सकेला, कम से कम एहीं देखे के मिलत ह।”(साभार एजेंसी)
