(नई दिल्ली)24अक्टूबर,2026
पैरालंपिक खिलाड़ी और एशियन पैरा गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता सुवर्णा राज दिल्ली की राज्य दिव्यांग आयुक्त नियुक्त की जाएंगी। एलजी तरनजीत सिंह संधू ने चयन समिति की और से सुझाए गए तीन उम्मीदवारों के पैनल में से उनके नाम को अंतिम मंजूरी दी है।
दिव्यांगजन के अधिकारों और कल्याण से जुड़े मामलों की निगरानी करने वाले इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
राज्य दिव्यांग आयुक्त का पद पिछले आयुक्त का कार्यकाल पूरा होने के बाद से रिक्त था। वर्ष 2024 में शुरू की गई पिछली चयन प्रक्रिया में किसी उम्मीदवार का चयन नहीं हो सका था। इसके बाद जुलाई 2026 में नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए गए। समाज कल्याण विभाग को निधर्धारित अवधि में कुल 18 आवेदन मिले। जांच के बाद 15 उम्मीदवार पात्र पाए गए।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 20 अगस्त 2026 को उपस्थित 13 पात्र उम्मीदवारों से अलग-अलग बातचीत की। समिति ने उनकी शैक्षणिक योग्यता, पेशेवर अनुभव, दिव्यांगजन के अधिकारों की समझ और प्रशासनिक क्षमता सहित विभिन्न पहलुओं का आकलन किया।
इसके बाद सर्वसम्मति से तीन उपयुक्त उम्मीदवारों का पैनल एलजी को भेजा गया। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 79 के तहत राज्य दिव्यांग आयुक्त की नियुक्ति का प्रविधान है। दिल्ली के संबंधित नियमों के अनुसार, यह पूर्णकालिक पद है। आयुक्त का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से तीन साल या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले ही, रहेगा।(साभार एजेंसी)
