हरिद्वार में गंगा बंदी के दौरान महासफाई अभियान

Uttarakhand

(देहरादून)27अक्टूबर,2026

गंगा की साफ-सफाई के उद्देश्य से गंगा बंदी के दौरान नगर निगम हरिद्वार ने डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर पर महासफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान करीब 60 सफाई कर्मचारियों की टीम ने आठ टन कूड़ा-कचरा एकत्र कर नगर निगम के प्लांट पहुंचाया। हालांकि, गंगा बंदी के बाद गंगा के तटों पर अब भी हजारों टन कूड़ा-कचरा बिखरा पड़ा है। ऐसे में गंगा घाटों और तटवर्ती क्षेत्रों की सफाई नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

सफाई कार्यों की नियमित निगरानी
नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान मायापुर हेड रेगुलेटर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को गंगा बंदी के दौरान गंगा क्षेत्र, घाटों, रेगुलेटरों और आसपास के स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद के अलावा नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप और विक्रांत सहित नगर निगम के करीब 60 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। एकत्र किए गए आठ टन कूड़े को नगर निगम के प्लांट पहुंचाकर उसके निस्तारण की व्यवस्था की गई।

गंगा बंदी के दौरान घाटों और तटवर्ती क्षेत्रों में जमा कूड़े-कचरे को हटाना स्वच्छता व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन गंगा तट पर बिखरे हजारों टन कचरे को हटाने के लिए व्यापक स्तर पर सफाई और प्रभावी निगरानी की जरूरत है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *