गैरसैंण (भराड़ीसैंण)27 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड सरकार के वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में धार्मिक यात्राओं, सांस्कृतिक विरासत और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
आगामी दिव्य कुंभ मेले की तैयारियों और अवस्थापना सुविधाओं के लिए सरकार ने विभिन्न अनुदानों में कुल लगभग ₹290 करोड़ का प्रावधान किया है। हरिद्वार में कुंभ तैयारियों के तहत हरिद्वार-गंगा कॉरिडोर परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए पूंजीगत मद में ₹30 करोड़ अलग से प्रस्तावित किए गए हैं।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली नंदा राजजात यात्रा के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए भी पूंजीगत मद में ₹20 करोड़ रखे गए हैं।
बजट में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की महत्वपूर्ण परियोजना को भी स्थान मिला है। गैरसैंण और आसपास की आबादी की पेयजल समस्या के समाधान के लिए रामगंगा नदी पर बनने वाले गैरसैंण जलापूर्ति बांध के लिए ₹122 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदारों के बकाया भुगतान और अन्य जरूरतों के लिए ₹300 करोड़ और पेयजल विभाग की KFW परियोजना के लिए लगभग ₹110 करोड़ प्रस्तावित हैं।
आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए जोशीमठ सहित भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों के लिए लगभग ₹48 करोड़ का प्रावधान भी अनुपूरक बजट में किया गया है।(साभार सू वि)
