(पटना,बिहार)11अक्टूबर,2026
बिहार के मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार लोकहित में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन करें।मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत संचालित कार्यों को तेजी, गुणवत्ता और आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने विद्यालयों में रंग-रोगन, चहारदीवारी, मरम्मत, शौचालय, पेयजल एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के साथ अतिरिक्त वर्ग-कक्षों और भवनविहीन विद्यालयों में भवन निर्माण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने प्राथमिक, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, बस अड्डों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही,बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करने, आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने और सार्वजनिक नलकूपों को पूरी तरह क्रियाशील रखने पर जोर दिया।(साभार सोशल मीडिया)
